बुधवार, 29 अगस्त 2007

प्यारे कृष्ण कन्हैया

कलयुग में अब ना आना रे
प्यारे कृष्ण कन्हैया

तुम बलदाऊ के भाई
यहाँ हैं दाउद के भइया।।

दूध दही की जगह पेप्सी,

लिम्का कोका कोला
चक्र सुदर्शन छोड़ के
हाथों में लेना हथगोला
डॉबरमैन नाथना होगा,
काली नाग नथइया।
कलयुग में अब. . .।।

गोबर को धन कहने वाले
गोबर्धन क्या जाने
रास रचाते पुलिस पकड़ कर
ले जाएगी थाने
लेन देन करके फिर
छुड़वाएगी जसुमति मैया।
कलयुग में अब. . .।।

नंद बाबा के पास गाय की
जगह मिलेंगे कुत्ते
औ कदंब की डार पे होंगे
मधुमक्खी के छत्ते
यमुना तट पर बसी
झुग्गियों में करना ता थैया।
कलयुग में अब. . .।।

जीन्स और टीशर्ट डालकर
डिस्को जाना होगा
वृंदावन को छोड़ क्लबों में
रास रचाना होगा
प्यानो पर धुन रटनी होगी
मुरली मधुर बजैया।
कलयुग में अब. . .।।

देवकी और वसुदेव बंद
होंगे तिहाड़ के अंदर
जेड श्रेणी की लिए सुरक्षा
होंगे कंस सिकंदर
तुम्हें उग्रवादी कह करके
फसवा देंगे भैया
कलयुग में अब. . .।।

विश्व सुंदरी बनकर फ़िल्में
करेंगी राधा रानी
और गोपियाँ हो जाएँगी
गोविंदा दीवानी
छोड़ के गोकुल औ' मथुरा
बनना होगा बंबइया।
कलयुग में अब. . .।।

साड़ी नहीं द्रौपदी की
अब जीन्स बढ़ानी होगी
अर्जुन का रथ नहीं
मारुति कार चलानी होगी
ईलू-ईलू गाना होगा
गीता गान गवैया।
कलयुग में अब. . .।।

आना ही है तो आ जाओ
बाद में मत पछताना
कंप्यूटर पर गेम खेलकर
अपना दिल बहलाना
दुर्योधन से गठबंधन कर
बनना माल पचइया।
कलयुग में अब. . .।।

DR. SUNIL JOGI DELHI, INDIA
CONTACT ON - O9811005255
www.kavisuniljogi.com
www.hasyakavisammelan.com
kavisuniljogi@gmail.com

2 टिप्‍पणियां:

Unknown ने कहा…

dil ko chu lene wala hasya or vangya

ANOOP MUSIC ने कहा…

Mai sunil ji ka fan hu sunil ji india ke great hasyakavi jinki kavitayen roto ko hansa de gam chahe jitna bada ho